जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के होटल दर्शन में कांड्रा निवासी 70 वर्षीय देव कुमार घोषाल का शव होटल के कमरे से बरामद हुआ. सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर उन्हें बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, देव कुमार घोषाल रविवार सुबह करीब 9 बजे होटल में ठहरे थे. बताया जा रहा है कि उनका पुरी जाने का कार्यक्रम था. (नीचे भी पढ़ें)

जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल प्रबंधन को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. फिलहाल उनके परिजन शव लेने अस्पताल नहीं पहुंचे हैं. इस कारण शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.







