जमशेदपुर : जमशेदपुर के धालभूमगढ़ प्रखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव बाइक के नीचे दबा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना जीएनडी कॉलेज के पीछे बेतझरिया गुड़ा जाने वाले रास्ते की है. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे तो उन्होंने एक व्यक्ति को बाइक के नीचे दबा हुआ देखा. बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच05जे4779 बताया जा रहा है. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)

बाद में मृतक की पहचान अमूल्य मंडल के रूप में हुई, जो कानस गांव का रहने वाला था और पेशे से मछली बेचने का काम करता था. बताया जा रहा है कि जहां यह घटना हुई, वहां सड़क पर घुमावदार मोड़ है और बगल में गड्डा भी है. परिजनों के अनुसार अमूल्य मंडल शुक्रवार को शुडगि हाट में मछली बेचने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा. इसके बाद परिवार वाले शुक्रवार रात करीब 8 बजे से ही उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी मौके पर पहुंची और पति का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगी. सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह सड़क दुर्घटना है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है.







