जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर पालिका क्षेत्र स्थित बाबू कुंवर सिंह चौक के पास पोल नंबर 250/13 के समीप बुधवार सुबह एक अज्ञात शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. स्थानीय लोगों ने शव देख इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी. सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर रेल थाना जीआरपी को सौंप दिया. जीआरपी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है. अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है. जांच के दौरान पुलिस को मृतक के हाथ पर ‘ॐ नमः शिवाय’ गोदा हुआ मिला है, जो पहचान में सहायक हो सकता है. (नीचे भी पढे़ं)
शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है. जीआरपी ने आसपास के थानों और गुमशुदगी दर्ज कराने वाले परिवारों को सूचना दी है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके. स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक शव देखे जाने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की शिनाख्त का इंतजार कर रही है.



