जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के मोहरदा नदी से सोमवार को बरामद शव की पहचान बागुनहातु निवासी विशाल सांडिल के रूप में हुई. मंगलवार को परिजनों ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शव की पहचान की. वहीं दूसरी ओर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाना में शव रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. एक घंटे बाद पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया और आश्वासन के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कराया. (नीचे भी पढ़ें)

विशाल रविवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. मंगलवार को पुलिस स्टेशन पहुंचने पर परिजनों को मोहरदा स्थित नदी से एक शव बरामद होने की जानकारी दी गई. इसके बाद परिजनों ने शव की पहचान विशाल सांडिल के रूप में की.वहीं, परिजनों ने विशाल की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. (नीचे भी पढ़े)
परिवार का दावा है कि विशाल के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं. परिजनों के मुताबिक, विशाल को तैरना भी आता था. ऐसे में उन्हें आशंका है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंका गया है.परिजनों ने कुछ युवकों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि विशाल का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था और कथित तौर पर उसे पूर्व में जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.परिजनों के अनुसार, विशाल परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की असली वजह सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, विशाल की मौत हादसे में हुई या उसकी हत्या की गई, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.








