मनोहरपुर: मनोहरपुर थाना क्षेत्र स्थित सिमिरता गांव के समीप मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, गालबेड़ा गांव निवासी सुजीत महतो अपने बीमार पिता ललित महतो को इलाज के लिए बाइक से मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहा था. इसी दौरान सिमिरता गांव के पास सड़क पर अचानक एक गाय आ गई. गाय को बचाने के प्रयास में सुजीत की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में सुजीत के सिर में गंभीर चोट लगी. घटना में ललित महतो को भी मामूली चोटें आईं.हादसे के बाद उन्होंने किसी तरह फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़े)
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सुजीत को आनन-फानन में मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया गया. घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है.




