
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी (सरायकेला-खरसावां जिला) अंतर्गत वार्ड नंबर 21 निवासी जैबुन निशा के घर को चोरों ने निशाना बनाया. चोरों ने उनके बंद घर में घुसकर नगद समेत गहनों की चोरी कर ली. घटना के समय जैबुन अपनी बीमार मां को देखने एमजीएम अस्पताल गई थी. पड़ोसियों ने उन्हे चोरी की जानकारी दी. सूचना पाकर जैबुन घर पहुंची और चोरी की जानकारी वार्ड सदस्य सिकंदर को दी. इधर सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई. जैबुन निशा ने बताया कि उनके पति की मौत हो गई है. घर में दो बच्चे है. उनकी 95 वर्षीय मां बीमार है उनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. वह हर रात उन्हे देखने जाती और सुबह होने पर वहां से वापस आ जाती. रविवार को भी वह मां को देखने गई और रात को अस्पताल में ही रुक गई. सुबह उन्हे पड़ोसी से चोरी की जानकारी हुई. चोरों ने घर में रखा 25 हजार रुपये नगद के अलावा गहनों की चोरी की है.





