जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र से एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. साहिद अंसारी, पिता मो. जलील अंसारी, निवासी साही कॉलोनी, अजमेरी रोड, फ़ैजाने अबू बकर मस्जिद के सामने 3 फरवरी 2026 को घर से निकला था. इसके बाद से अब तक वह वापस नहीं लौटा हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने बताया कि साहिद के घर न लौटने पर रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां व्यापक खोजबीन की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है. युवक के अचानक लापता हो जाने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है. परिजनों का कहना है कि साहिद बिना किसी पूर्व सूचना के घर से निकले थे, जिससे आशंका और बढ़ गई है. (नीचे भी पढ़ें)
हुलिया के अनुसार साहिद अंसारी का रंग सावला है, लंबाई लगभग 5 फीट 4 इंच, बाल काले और आंखें काली हैं. घर से निकलते समय उन्होंने ब्लैक-व्हाइट टी-शर्ट पहन रखी थी. वह हिंदी और बंगला भाषा बोलते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी साहिद अंसारी के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल मोबाइल नंबर 7488741965 या 9835572990 पर संपर्क करें. स्थानीय लोगों से अनुरोध किया गया है कि सूचना को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि युवक को सकुशल बरामद किया जा सके. पुलिस ने भी मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.














