
जमशेदपुर:जमशेदपुर के बर्मामाइंस के इंदर सिंह एरिया स्थित एक घर में चोरी करने के मामले में पुलिस ने शिकायत मिलने के 12 घंटे के अंदर ही मामले का उद्भेदन कर लिया. पुलिस ने इस मामले में शातिर चोर प्रदीप पटेल उर्फ पकौड़ी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है. पुलिस के समक्ष प्रदीप ने अपना जुर्म कबूल किया है. रविवार को मामले की जानकारी देते हुए एएसपी कुमार गौरव ने बताया कि 12-13 मार्च की रात को इंदर सिंह एरिया में चोरी कर ली गई थी.
घर से 1200 रुपया नकद के अलावा लाखों के आभूषण की चोरी कर ली गई थी. मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस तफ्तीश में जुट गई. पुलिस को सूचना मिली की चोरी की घटना को प्रदीप ने अंजाम दिया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर प्रदीप को गिरफ्तार किया. पुलिस ने प्रदीप की निशानदेही में चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया है. उन्होने बताया कि प्रदीप उर्फ पकौड़ी के खिलाफ कई मामले दर्ज है. वह कई बार जेल भी जा चुका है.















