
जमशेदपुर : कोल्हान की सबसे बड़ी व्यापारिक और औद्योगिक संस्था सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का एक प्रतिनिधिमंडल बाजार समिति के एमडी रमेश घोलप से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल में सिंहभूम चेम्बर के उपाध्यक्ष ट्रेड विजय आनंद मुनका, सचिव सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना, व्यापार मंडल के महासचिव करण ओक्षा, अजय अग्रवाल शामिल थे. बाजार समिति बोर्ड के एमडी रमेश घोलप से बोर्ड के कार्यालय रांची में मिलकर बाजार समिति जमशेदपुर में दुकानों और गोदाम की जर्जर स्थिति, सुरक्षा का अभाव, हमेशा होने वाली चोरी, सड़क, पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट इत्यादि के अभाव के सम्बंध में ज्ञापन सौंपा एवं मांग की गई कि अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी व्यापारियों को दुकानें लीज पर दे दी जाये. दुकानों के ऊपर घर, कार्यालय, गोदाम बनाने की अनुमति देने की मांग की गयी. बाजार समिति की कमिटी में चेम्बर को प्रतिनिधित्व मिले. नई दुकानों और गोदामों का निर्माण करवाया जाए. दुकान,गोदाम आवंटन, हस्तांतरण, लाइसेंस निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर की जाए. बाजार समिति जमशेदपुर का जीर्णोद्धार किया जाए. बाजार समिति में कार्यरत माल वाहनों, मजदूरों के लिए सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. प्रतिनिधिमंडल ने एमडी से आग्रह किया कि बाजार समिति आकर स्वयं स्थिति का अवलोकन करें. एमडी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गौर से सुना और कहा कि बाजार समिति में व्याप्त कमियों को दूर कर विकास के कार्य प्राथमिकता के आधार पर किये जाएंगे. वे जल्द ही बाजार समिति जमशेदपुर आकर वस्तुस्थिति से अवगत होंगे. बाजार समितियों का विकास हो, किसानों एवं आम उपभोक्ता तक उसका लाभ पहुंचे, यह उनकी प्राथमिकता है. फसलों के भंडारण की समुचित व्यवस्था हो, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे. एमडी ने कहा कि बाजार में दुकानों और गोदाम के भाड़े के अलावा राजस्व का दूसरा कोई साधन नहीं है. व्यापारी समय पर भाड़ा दें, प्राप्त भाड़े की रकम से दुकानों मरम्मत एवं अन्य विकास के कार्य करवाए जाएंगे.





