
जमशेदपुर : जिले के उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन, रेड क्रॉस सोसाइटी तथा जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयोजन में कोविड-19 मरीजों के लिए संचालित कॉन्वाल्सेंट प्लाज्मा डोनेशन अभियान निरंतर आगे बढ़ता जा रहा है. पीड़त मानवता की सेवा के लिए संकल्पित शहर को कोरोना वारियर्स इस अभियान से जुड़ कर आये दिन प्लाज्मा डोनेट कर रहे हैं. इसी कड़ी में रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा ने प्लाज्मा डोनेशन पर युवाओं से आग्रह किया है कि वे समाज में बदलाव के सुत्रधार की अपनी भूमिका निभायें और कोविड निगेटिव होने पर जरूरतमंद कोविड-19 मरीजों के लिए प्लाज्मा का दान करें. इस अभियान में जिला में प्लाज्मा डोनेशन की नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षु उप समाहर्ता स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी के साथ, रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक में चिकित्सक डॉ एलबी सिंह, डॉ रीता सिंह, डॉ निर्जला एवं तकनीशियनों की टीम सहयोग कर रही है. साथ ही प्लाज्मा दान करने वालों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जा रहा है.




