जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की कार्यकारिणी बैठक रविवार को जमशेदपुर परिसदन सभागार में समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां की अध्यक्षता में हुई. इसकी शुरुआत दुर्गा स्तुति के साथ की गई. बैठक में शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई. इस मौके पर समिति के महासचिव ललन यादव ने 2025 में संपन्न शारदीय दुर्गा पूजा सहित अन्य सार्वजनिक पर्व-त्योहारों के दौरान समिति द्वारा किए गए सहयोग एवं रचनात्मक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया.उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में आयोजित होने वाले प्रमुख पर्व-त्योहारों, जैसे रामनवमी, भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा, छठ एवं दीपावली आदि के अवसर पर जिला प्रशासन को विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में समिति द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाता है. (नीचे भी पढ़े)

बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. बैठक में धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के सभी 11 प्रखंडों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.ग्रामीण क्षेत्रों में कई दशकों से हो रही दुर्गा पूजा के बावजूद प्रशासन द्वारा कई समितियों को अब तक अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) पत्र नहीं मिलने पर गहरी चिंता जताई गई. इस मौके पर अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने आश्वस्त किया कि पूजा से पूर्व एक शिष्टमंडल जिला उपायुक्त से मिलकर इन समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल करेगा. बैठक का संचालन बलदेव सिंह मेहरा ने, स्वागत भाषण खगेन चंद्र महतो ने और धन्यवाद ज्ञापन विनिता मिश्रा ने किया. इस दौरान महासचिव ललन यादव, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह, आशीष गुप्ता सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे.







