जमशेदपुर : डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ने अपने आउटपेशेंट डिपार्टमेंट (ओपीडी) के लिए ऑनलाइन भुगतान सुविधा शुरू की है. इस पहल का उद्देश्य लंबी कतारों को खत्म करना और मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए भुगतान प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाना है. रोजाना बड़ी संख्या में मरीजों के आने के कारण भुगतान काउंटरों पर अक्सर भीड़ रहती है। नई व्यवस्था के तहत मरीज अब यूपीआईं, क्रेडिट या डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे. पहले की तरह कैश काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं होने से मरीजों का प्रतीक्षा समय काफी कम होगा और वे अपनी अपॉइंटमेंट प्रक्रिया को अधिक तेजी से पूरा कर सकेंगे. डिजिटल भुगतान प्रणाली को सरल और उपयोग में आसान बनाया गया है. पंजीकरण या परामर्श के बाद, मरीज के मोबाइल ऐप पर संबंधित शुल्क प्रदर्शित होगा. (नीचे भी पढ़े)
भुगतान पूरा होने और सत्यापित होने के बाद, मरीज सीधे आवश्यक सेवा के लिए आगे बढ़ सकते हैं. खास बात यह है कि यह सुविधा जांच और डायग्नोस्टिक टेस्ट के भुगतान के लिए भी उपलब्ध है. डॉक्टर द्वारा जांच की सलाह दिए जाने के बाद मरीजों को दोबारा भुगतान काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं होगी. वे अपने मोबाइल फोन से तुरंत बिल का भुगतान कर सकते हैं. इससे भुगतान काउंटरों पर कम लोगों के होने से मरीजों और उनके परिजनों के लिए अधिक सुविधाजनक माहौल बनेगा. वही तेज भुगतान प्रक्रिया से मरीजों को कागजी औपचारिकताओं में कम समय लगेगा और वे अपने स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान दे सकेंगे. डिजिटल लेन-देन से हर भुगतान को आसानी से ट्रैक किया जा सकता है और भुगतान प्रक्रिया सुरक्षित रहती है. मरीजों को खुले पैसे या नकद राशि साथ रखने की जरूरत नहीं होगी. यह पहल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) की मरीज-केंद्रित सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. दैनिक कार्यप्रणाली में डिजिटल समाधानों को शामिल कर अस्पताल अपनी सेवाओं को लगातार आधुनिक बना रहा है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बड़ी संख्या में मरीजों को सेवाएं प्रदान करने वाला अस्पताल सभी के लिए सुविधाजनक और आसानी से सुलभ बना रहे.







