जमशेदपुर : जुगसलाई नया बाजार क्षेत्र निवासी प्रतिष्ठित व्यापारी सुखविंदर सिंह सग्गू के आवास में परसों चोरी की गंभीर घटना घटी. इसमें चोर लाखों रुपये मूल्य के कीमती जेवरात चुरा ले गए, जिससे परिवार में भय और चिंता का माहौल है.घटना की जानकारी मिलने पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी आज चैंबर के अन्य पदाधिकारियों के साथ श्री सग्गू के आवास पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर श्री सग्गू ने चैंबर पदाधिकारियों को चोरी की पूरी घटना की जानकारी दी तथा बताया कि उनके घर में शादी थी. घर में बहुत सारे मेहमान आए हुए थे. इसी दौरान रात्रि में एक चोर ने वारदात को अंजाम दिया. श्री सग्गू ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त चोर की तस्वीरें भी दिखाईं. उन्होंने बताया कि यह तस्वीर पुलिस पदाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है. मौके पर ही उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने थाना प्रभारी से दूरभाष पर बात कर घटना की गंभीरता से अवगत कराया और चोर की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामानों की बरामदगी का आग्रह किया. थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस प्रकरण में सफलता मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
अनिल मोदी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि सिंहभूम चैंबर सदैव उनके साथ खड़ा है और पुलिस एवं प्रशासन से निरंतर संपर्क कर चोरी गए सामान की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास करेगा. सिंहभूम चैंबर ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया. इस अवसर पर मुख्य रूप से सिंहभूम चैंबर के सचिव (पीआरडब्ल्यू) लिप्पू शर्मा, मनोज गोयल, पवन नरेडी, अशोक सारस्वत, भारतेश शर्मा, एवं अन्य उपस्थित थे.




