जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) अखिलेश झा, कोल्हान डीआइजी मनोज रतन चोथे के अतिरिक्त कोल्हान के तीनों जिलों, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, नगर पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत एवं चाईबासा के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के साथ ऑनलाइन जूम मीटिंग आयोजित की. इस मीटिंग में कोल्हान के तीनों जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में विधि व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था के अलावा अन्य समस्याओं की ओर सभी पदाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनसे इसमें सुधार की मांग की गई. चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका व महासचिव मानव केड़िया ने उक्त जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने अपने संबोधन में पुलिस अधिकारियों, विशेष कर जोनल आइजी अभिषेक झा एवं डीआइजी मनोज रतन चोथे का का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि कोल्हान के तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक यहां विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए अपने दायित्व का अच्छी तरह निर्वाह कर रहे हैं, किन्तु इसके बाद भी विधि व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बेहतर पुलिसिंग की आवश्यकता है. उन्होंने यहां अच्छे और अनुभवी ट्रैफिक पुलिस की भी जरूरत बताई. उन्होंने तीनों जिलों के पुलिस कप्तानों से विगत दिनों कोल्हान में आपराधिक गतिविधियों, चोरी, छिनतई आदि में हुई वृद्धि का जिक्र करते हुए उस पर लगाम लगाने की जरूरत बताई. (नीचे भी पढ़ें)

मानद महासचिव मानव केडिया ने पुलिस अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए साइबर अपराध की रोकथाम के लिए और बेहतर कार्य किये जाने की जरूरत बताई. उन्होंने बताया कि विगत कुछ महीनों में साइबर अपराधों में बढ़ोतरी हुई है, जिनसे निपटने के लिए अनुभवी कर्मचारियों की आवश्यकता पूरी की जानी चाहिए. इस अवसर पर उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया के अलावा सचिव अंशुल रिंगसिया एवं बिनोद शर्मा ने पुलिस अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया, उन्होंने जमशेदपुर में सुरक्षा की दृष्टि से व्यवसायियों के आर्म्स लाइसेंस निर्गत नहीं किये जाने की चर्चा करते हुए वर्तमान माहौल में व्यापारियों के लिए इसे अति आवश्यक बताया. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस से संबंधित मुद्दे उठाते हुए वाहन जांच के नाम पर पुलिस द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों पर की जा रही वाहन चेकिंग से लोगों में बन रहे भय के माहौल की चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों, को भी हेलमेट पहनने के बावजूद रोक कर जांच पड़ताल की जाती है. अस्पताल जा रहे मरीजों को रोका जाता है. पुलिस अधिकारियों से वाहन जांच के नाम पर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की जरूरत बताई. इसी तरह शहर के मुख्य बाजारों में सड़कों पर फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण से रास्ता जाम से हो रही परेशानी , पारडीह चौक से डिमना काली मंदिर तक सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से आये दिन लग रहे जाम आदि जैसे मुद्दे भी उठाए गए. (नीचे भी पढ़ें)
व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक भालोटिया ने कहा कि परसुडीह कृषि बाजार समिति खस्ताहाल है. यहां सुरक्षा की दृष्टि से कदम उठाये जाने चाहिएं. उन्होंने मंडी क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग केसाथ ही सीसीटीवी कैमरों की उचित व्यवस्था किये जाने की जरूरत बताई. स्वर्ण व्यवसायी संघ के विपिन भाई अडेसरा ने स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा का मुद्दा बैठक में रखा. बैठक के दौरान मनमोहन खंडेलवाल ने आदित्यपुर क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं, पार्किंग की समस्या आदि जैसे मुद्दे रखे. रमेश अग्रवाल ने इएमसी (इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग कलस्टर) में लगातार बढ़ रहे क्राइम, ऑटो क्लस्टर औद्योगिक क्षेत्र में टीओपी. की स्थापना की मांग को दोहराते हुए अपनी बात रखी. सरायकेला चैम्बर के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने सरायकेला से संबंधित समस्याएं उठाईं तथा उनके निराकरण की मांग की. इसी तरह बैठक में चाईबासा के मुद्दे भी रखे गए, जिनमें चाईबासा में चरस गांजा की लगातार बढ़ रही खरीद-बिक्री, साइबर क्राइम एवं ट्रैफिक व्यवस्था की समस्याएं शामिल रहीं. मीटिंग में एसिया के महासचिव प्रवीण गुटगुटिया एवं दशरथ उपाध्याय ने भी अपनी बातें रखीं. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक के दौरान आईजी एवं डीआइजी ने चैम्बर एवं उपस्थित अधिकारियों से कहा कि पुलिस बेहतर विधि व्यवस्था को बनाये रखने के लिए लगातार तत्पर है और जल्द ही इसके अच्छे परिणाम दिखेंगे. व्यापारियो को भी अपनी सुरक्षा की दृष्टि से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने चाहिएं तथा अपने बचाव के लिए स्प्रे एवं अन्य साधनों का उपयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि चैम्बर को सुरक्षा की दृष्टि से और बेहतर व्यवस्था कायम रखने के लिए जिले के पुलिस कप्तानों के साथ महीने में एक बार अवश्यक बैठक आयोजित करनी चाहिए. बैठक में चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव बिनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, व्यापार मंडल के दीपक भालोटिया, विपिन भाई अडेसरा, एसिया आदित्यपुर से प्रवीण गुटगुटिया, दशरथ उपाध्याय, सरायकेला चैम्बर के अध्यक्ष मनोज चौधरी, मनमोहन खंडेलवाल, उमेश खीरवाल, नुरूल होदा, मनोज अडेसरा नवल खेमका, रमेश अग्रवाल इत्यादि उपस्थित रहे.



