जमशेदपुर : राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जमशेदपुर के सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल का तबादला कर दिया है. डॉ साहिर पाल को जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) जिला से हटाकर पश्चिम सिंहभूम जिला का सिविल सर्जन बनाया गया है. उनकी जगह पश्चिम सिंहभूम जिले के सिविल सर्जन डॉ जुझार मांझी को जमशेदपुर का सिविल सर्जन बनाया गया है. इसी तरह डॉ देवदास प्रसाद केशरी को लातेहार से हटाकर पलामू का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रभारी बनाया गया है. खूंटी रेफरल अस्पताल तोरपा के डॉ अजीत कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांके रांची भेजा गया है. पलामू हैदरनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार को पलामू का सिविल सर्जन बना दिया गया है. यह तबादला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.



