जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा बस्ती में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले ने दो पक्षों के बीच विवाद ने कानूनी लड़ाई का रूप ले लिया है. पहले पक्ष ने सात लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था, वहीं अब दूसरे पक्ष ने भी थाना पहुंचकर पलटवार करते हुए चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. नवीनतम जानकारी के अनुसार, दूसरे पक्ष ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने साड़ी और ब्लाउज फाड़ दिए तथा सोने की चेन छीन ली. इस सिलसिले में गुरुद्वारा बस्ती निवासी जय गिरि, अशोक गिरि, संध्या गिरि और शीतल गिरि को आरोपी बनाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना विगत 6 नवंबर के शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है. दोनों पक्षों में किसी पुरानी कहासुनी को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके बाद हाथापाई की नौबत आ गई. विवाद की सूचना पाकर साकची पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. साकची थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी पक्ष से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बढ़ जाते हैं, जिसे लेकर अब पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.




