
जमशेदपुर : केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेसियों ने जोरदार आंदोलन शुरू कर दिया है. जमशेदपुर के साकची प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गोस्वामी के नेतृत्व में भालूबासा चौक पर पेट्रोल डीजल की मूल्यवृद्धि के खिलाफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस के वरीय उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह उपस्थित थे. श्री सिंह ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आज महंगाई और पेट्रोल डीजल के मूल्य वृद्धि से आम जनता त्रस्त है, सरकार अविलम्ब इस मूल्य वृद्धि को वापस ले, अन्यथा हम सभी कांग्रेसी जन और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य रियाजुद्दीन खान, मयंक प्रताप सिंह, नवीन मिश्रा, नीरज सिंह, आशीष सिन्हा, नीरज साहू, अवतार सिंह, अमित राज, मन्ना सिंह, कुमार रमेश, दीपक, विवेक कुमार, सत्यम सिंह, रिशु तिवारी, आदि काफी संख्या में कार्यकर्ता गण उपस्थित थे.

सिंहभूम असंगठित कामगार यूनियन ने दिया धरना
इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर जी संजीवा रेड्डी के निर्देशानुसार देश के विभिन्न ट्रेड यूनियनों ने शुक्रवार को देशव्यापी विरोध दिवस मनाया. इस कड़ी में केंद्रीय श्रमिक संगठन के आह्वान पर सिंहभूम असंगठित कामगार यूनियन ने सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखकर सिदगोड़ा में असंगठित मजदूरों के साथ मौन व्रत रख कर धरना दिया. इसमें यूनियन के अध्यक्ष विजय खां, इंटक नेता गुरदीप सिंह, मौलाना अंसार खान, शिवराम झा, रविराज, गीता सिंह, यूथ इंटक के नेता सौरभ झा, आजाद झा और असंगठित मजदूरों ने हिस्सा लिया.





