
जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी ऑफिस पर लाव लश्कर और भारी भीड़ के साथ प्रदर्शन करने के मामले में मजदूर नेता बुरे फंसे है. कार्यपालक दंडाधिकारी सविता टोपनो के बयान पर राकेश्वर पांडेय, अंबुज ठाकुर और केके तिवारी समेत 300 के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में एफआईआर दर्ज कर दिया गया है. साथ ही नाजायज भीड़ लगाने के कारण राकेश्वर पांडेय को पेड क्वारंटाइन होटल जिंजर में रख दिया गया है. आरोपियों के खिलाफ भादवि की सुसंगत धारा के तहत मुकदमा दायर किया गया है. वैसे पहले ही जिला प्रशासन ने साफ कर दिया था कि सारे आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दायर किया जायेगा. दरअसल, साकची आमबगान से सारे मजदूर नेता आंदोलन करने के लिए निकले थे. इस आंदोलन के दौरान सारे लोग डीसी ऑफिस पहुंच गये थे. इस दौरान काफी ज्यादा भीड़ हो गयी थी. लोग नारेबाजी कर रहे थे. सोशल डिस्टेंसिंग समेत तमाम नियमों का उल्लंघन करते हुए भारी भीड़ जुटा दी थी. किसी तरह का सोशल डिस्टेंसिंग का कोई ख्याल नहीं रखा गया था. इस दौरान नियम कायदे को ताक पर रखते हुए कदम उठाया गया था. इसको देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने यह कदम जिला प्रशासन के आवेदन के आधार पर किया है.





