जमशेदपुर : सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में दो दशकों से अधिक समय तक अपने व्यवसायिक कौशल और सामाजिक कार्यों से सम्मान अर्जित करने वाले प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय बिट्टू सिंह भाटिया ने अपने वतन लौटकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की. उन्होंने कांग्रेस के विचार, सिद्धांत, और देश के प्रति समर्पित नेतृत्व के प्रति अपनी गहरी आस्था और प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की आत्मा कांग्रेस के सिद्धांतों में बसती है, और वे इस आत्मा का हिस्सा बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाना चाहते है. श्री भाटिया ने पूर्वी सिंहभूम ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो जन-सेवा, समावेशिता, और लोकतांत्रिक मूल्यों की सच्ची प्रतिनिधि है. कांग्रेस में उनकी औपचारिक सदस्यता ग्रहण प्रक्रिया ज़िला कांग्रेस मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता राजीव मिश्रा की पहल और मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई. (नीचे भी पढ़ें)
श्री मिश्रा ने बताया कि बिट्टू सिंह भाटिया जैसे प्रवासी भारतीयों का कांग्रेस परिवार से जुड़ना न सिर्फ़ संगठन को मज़बूती देगा, बल्कि यह इस बात का प्रतीक है कि कांग्रेस का विचार हर देश, हर समाज, और हर दिल तक पहुंच रहा है. उक्त अवसर पर ज़िला अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से प्रतिभाशाली और राष्ट्रवादी सोच रखने वाले भारतीयों का स्वागत करती रही है, और यह कदम कांग्रेस के जन-आंदोलन को नई ऊर्जा देगा. इस अवसर पर ज़िला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं युवा कांग्रेस प्रतिनिधियों ने श्री भाटिया का गर्मजोशी से स्वागत किया. सभी ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि विदेशी धरती पर रहकर भी श्री भाटिया ने भारतीय संस्कृति और कांग्रेस के सिद्धांतों को जीवित रखा. कांग्रेस परिवार ने आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव, दृष्टिकोण और वैश्विक सोच से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होगी. इस मौके पर परविंदर सिंह के अलावा मीडिया प्रभारी राजीव मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद थे.












