
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत गौड़ बस्ती के समीप कृष्णा नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पिछले दिनों हुए तोड़फोड़ एवं पोस्टर छतिग्रस्त मामले को कांग्रेस आलाकमान ने गम्भीरता से लिया है. जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष को पत्र लिखकर 3 दिनों के भीतर मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का फरमान जारी किया है. इधर मंगलवार को जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष विजय खां के नेतृत्व में कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल क्षतिग्रस्त हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे. जहां जांच के दौरान विजय खां ने इसके पीछे राजनीतिक साजिश बताया. वैसे उन्होंने इसके पीछे भ- माफियाओं का भी हाथ होने से इनकार नहीं किया. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

उन्होंने बताया, कि जिला प्रशासन अपने स्तर से जांच कर रही है. साथ ही कुछ दोषियों की गिरफ्तारी भी हुई है, लेकिन अभी भी मामले का मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है. उन्होंने जिले के एसएसपी से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाई किए जाने की मांग की है. साथ ही उन्होंने 3 दिनों के भीतर प्रदेश अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंपने की बात कही है. कुल मिलाकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है. आपको बता दें, कि एक ही रात में शरारती तत्वों ने कांग्रेस कार्यालय और सामाजिक कार्यकर्ता ओंकारनाथ सिंह के मकान में तोड़फोड़ की थी. जिसे कांग्रेस ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. फिलहाल अभी जमशेदपुर पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है. हालांकि पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. बावजूद इसके मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है.

















