
जमशेदपुर : जमशेदपुर मे झारखंड सरकार के लॉकडाउन को लागू करने के लिए सारे विभाग लगे हुए है. इस कड़ी में जमशेदपुर के सारे बार को सील कर दिया गया है. पहले से ही यह आदेश था कि सारे शराब दुकानें खुलेंगी, लेकिन बार बंद होंगे. इसको लागू किया गया, लेकिन यह सूचनाएं आ रही थी कि लगातार कई बार से शराब निकालकर खुले बाजार में बेचा जा रहा है. इसके बाद बारी-बारी से सारे बार को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. दूसरी ओर, स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के दौरान एकमुश्त खरीददारी (पैनिक बाइइंग) को दृष्टिगत रखते हुए कालाबाजारी एवं मुनाफाखोरी रोकने हेतु जमशेदपुर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सूरज कुमार के निर्देशानुसार जिला स्तर एवं प्रखंड स्तर पर उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है. इसी क्रम में जिला स्तर के उड़नदस्ता दल द्वारा आज जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में बाजार समिति परसुडीह परिसर में 10 दुकानों का निरीक्षण किया गया. इस मौके पर सभी दुकानदारों को कालाबाजारी व मुनाफाखोरी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से मूल्य सह भंडार प्रदर्शन पट्ट प्रदर्शित करने तथा सभी आवश्यक वस्तुओं का भंडारण पर्याप्त मात्रा में भंडारित करने का निदेश दिया गया. जमशेदपुर के जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा दुकानदारों को यह भी निदेश दिया गया कि ग्राहकों को उचित मूल्य पर ही खाद्यान व अन्य आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति करें, किसी तरह की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उड़नदस्ता दल में पणन सचिव संजय कच्छप, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्यामनाथ पाठक व पणन पदाधिकारी, अनुभाजन शामिल थे. इधर बाजार समिति के सचिव ने एक आदेश सारे दुकानदारों के लिए निकाला है, जिसमें यह कहा गया है कि सारे दुकानदार अपनी दुकान को खुद चलायेंगे. सभी दुकानों में मूल्य तालिका और स्टॉक तालिका के साथ स्टॉक रजिस्टर भी रखेंगे और दुकानों में लगाकर रखेंगे. इसके अलावा कोरोना काल में बिना मास्क के न स्वयं रेंगे और न ही सामानों की बिक्री करेंगे. माल मंगाने और भेजने में कोई तकनीकी दिक्कत होती है तो प्रशासनिक कार्यालय में यह जानकारी देंगे. इन सारे गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.






