जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के कोरोना वार्ड से गुरुवार की शाम एक कैदी फरार हो गया. सूचना मिलने पर पूरे पुलिस महकमे में अफरा तफरी मच गई. पुलिस द्वारा कई जगहों पर उसकी धड़ पकड़ के लिए छापेमारी की गई पर उसका कुछ अता पता नहीं चला. इधर फरार कैदी को पकड़ने के लिए सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है. मामले के संबंध में एसएसपी डॉ एम तमिल वानन ने बताया कि 19 अप्रैल को टेल्को थाना क्षेत्र से ट्रक की बैट्री चोरी करते हुए आजादनगर के एक चोर को पकड़ा गया था. कोविड जांच के दौरान वह पॉजिटिव पाया गया था. उसे अस्पताल के कोविड वार्ड में रखकर इलाज करवाया जा रहा था. हर दिन पुलिस उसकी खबर रखती थी. गुरुवार को सूचना मिली की वो वार्ड से फरार हो गया है. इस मामले में साकची थाना में मामला भी दर्ज करा दिया गया है. उन्होंने बताया कि चूंकि कैदी कोरोना पॉजिटिव है इसलिए यह संभावना है की वह और भी किसी को पॉजिटिव कर सकता है. इसलिए उसे जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है.







