
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत हाथी घोड़ा मंदिर के पास गुरुवार देर रात सड़क दुर्घटना में दाईगुट्टू रोड नंबर 7 निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी. जांच में मृतक कोरोना पॉजिटिव पाए गए. इधर शुक्रवार को रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन द्वारा शव को कब्जे में ले लिया गया. शव की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. परिजनों का कहना था कि मरने के बाद मृतक कैसे कोरोना पॉजिटिव हो गए. इधर अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें समझाया, तब जाकर मामला शांत हुआ. शव को पीपीई किट पहनकर शव गृह से निकला गया. कोरोना गाइडलाइन के अनुसार शव का अंतिम संस्कार कराया जायेगा. घटना के बाद परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ साकची थाना में लिखित शिकायत की है. बता दें कि मृतक देर रात अपने काम से घर लौट रहे थे. उसी दौरान हाथी घोड़ा मंदिर के पास उन्हे अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके बाद अस्पताल ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई थी.




