
जमशेदपुरः जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत बस स्टैंड के पास बस में सवारी बैठने वाले कर्मचारी गुड्डू राय (45) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई. आशंका जताई जा रही है कि लू लगने से उनकी मौत हो गई है. गुड्डू मूल रूप से बिहार के गोपालगंज के रहने वाले है, शहर में वह मानगो में रहते थे. सहकर्मियों ने बताया कि गुड्डू बस में सवारी बैठने का काम करते थे. वह बस स्टैंड में कड़ी धूप के बीच खड़े थे. अचानक उन्हें उल्टी हुई और वे जमीन पर गिर गए. किसी तरह उन्हें एमजीएम पहुंचाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. गुड्डू के परिजनों को सूचना दे दी गई है. परिजन गोपालगंज से चल चुके है. अगर गुड्डू की मौत लू लगने से हुई है तो यह शहर में लू से पहली मौत होगी.



