
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका (पूर्वी सिंहभूम जिले) के चाकुलिया थाना अंतर्गत सारडीहा पंचायत में 11 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या का प्रयास करने के मामले में न्यायालय ने आरोपी सुनील हेंब्रम को दोषी करार दिया है. एडीजे 5 संजय कुमार उपाध्याय की अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए सुनील को दोषी करार दिया है. न्यायालय की ओर से 22 फरवरी को सजा पर सुनवाई की तारिख तय की गई है. 22 फरवरी को ही सुनील को सजा सुनाई जाएगी. बता दे कि जून 2018 में चाकुलिया थाना क्षेत्र के सारडीहा पंचायत में 11 वर्षीय नाबालिग को घर पर अकेला पाया तो सुनील उसके घर पहुंचा और पानी मांगने लगा. सुनील ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर नाबालिग के गले में हसुआ से वार किया और फरार हो गया था. बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था.






