
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर सात निवासी श्वेता कौर की गला घोंट कर हत्या करने के मामले के आरोपी ससुर सह बिरसानगर गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान तरसेम सिंह और मृतका श्वेता के पति रविंद्र सिंह उर्फ रोशन को जमशेदपुर के जिला जज सात की अदालत ने सजा सुनायी है. इसके तहत जमशेदपुर कोर्ट ने पति रविंद्र सिंह उर्फ रोशन को को आजीवन कारावास व 15 हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनायी है जबकि ससुर तरसेम सिंह को सात वर्ष का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये का जुर्माना की सजा सुनायी है. सोमवार को जमशेदपुर कोर्ट ने सजा सुनायी. इस मामले में लड़की के पिता बलबीर सिंह ने बिरसानगर थाना में अपनी बेटी की हत्या करने के मामले में ससुर तरसेम सिंह, ननद रंजीत कौर और पति रविंद्र सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दायर किया था. इस मामले को लेकर 10 जुलाई को कोर्ट ने दोषी करार दिया था. इस मामले में कुल 6 लोगों की गवाही हुई थी. इसके बाद कोर्ट ने दो लोगों को दोषी करार दिया जबकि ननद को कोर्ट ने बरी कर दिया. उनके खिलाफ किसी तरह का कोई साक्ष्य सामने नहीं आया था, जिस कारण ननद को रिहा कर दिया गया.














