जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के इंजन पार्क के पास नशेड़ियों ने रविवार की रात बिरसानगर जोन नंबर 4 के रहने वाले प्रकाश सिंह और उसके साथी टिनप्लेट के रहने वाले देवाशीष सिंह पर चापड़ से हमला कर दिया। इस हमले में प्रकाश सिंह और देवाशीष सिंह घायल हुए हैं। शोरगुल सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई तो हमलावर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों को पुलिस ने इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। बताते हैं कि नशा और अड्डेबाजी का विरोध करने पर नशेड़ियों ने हमला किया। इमरजेंसी में दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। प्रकाश सिंह के सिर पर चापड़ लगा है। (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
प्रकाश सिंह ने बतया कि वह अपने साथियों के साथ इंजन पार्क में था, जहां चंद्र भूषण सिंह, शशि भूषण सिंह, बंटी, अंकित, नवीन राव और दो अन्य युवक बैठकर नशा कर रहे थे। उसके साथी देवाशीष ने इसका विरोध किया, तो सभी गाली-गलौज करने लगे और देवाशीष के साथ मारपीट करने लगे। यह सुनकर प्रकाश सिंह देवाशीष को बचाने के लिए वहां गया, तो हमलावरों ने प्रकाश सिंह पर हमला कर दिया और चापड़ चला दिया। चापड़ से प्रकाश सिंह के सिर पर वार किया है। प्रकाश सिंह ने बताया कि इंजन पार्क कर हमेशा नशा करने वालों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने टेल्को थाना पुलिस को दी। इस पर पुलिस आई और घायलों को थाने ले गई। थाने से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया। पुलिस मामले में जांच व कार्रवाई में जुटी हुई है।















