
जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना से 50 मीटर की दूरी पर स्थित फरजाना अपार्टमेंट निवासी फरजाना खातून के घर पर सोमवार देर शाम दो हथियारबंद अपराधी पहुंचे और उन्हें और उनकी बेटी कहकशा आफरीन को जान से मारने का प्रयास किया. हालांकि ट्रिगर लॉक होने से गोली नही चली. इधर शोर मचाने पर दोनो बाइक पर सवार होकर भाग गए. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पाकर डीएसपी पटमदा सुमित कुमार और आजादनगर प्रभारी नरेश सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन की. फरजाना ने बताया कि दो लोग उनके घर पर आए और किराए पर कमरे देने की बात की. इस बीच उन्होंने पानी मांगा. जैसे ही वो मुड़ी पीछे से एक अपराधी ने उनपर पिस्टल तान दी. उन्होंने पिस्टल पकड़ ली. इसी बीच उनकी बेटी कहकशा अपने कमरे से बाहर आई. दूसरे अपराधी ने बेटी पर पिस्टल तानी और फायरिंग का प्रयास किया पर ट्रिगर लॉक होने से गोली नही चली. उनके शोर मचाने पर दोनो अपराधी बाइक पर सवार होकर जेकेएस कॉलेज की ओर फरार हो गए. उन्होंने बताया कि उनमें से एक व्यक्ति को वो जानती है, उसका नाम रागिब जमा है. मामले के संबंध में डीएसपी पटमदा सुमित कुमार ने बताया कि इस मामले में फिलहाल कुछ कहना सही नहीं है. मामले को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ पाएगी. फिलहाल थाने में शिकायत नहीं की गई है.






