
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत मुखिया डांगा के पास कांग्रेस नेता इम्तियाज उर्फ गब्बर की पत्नी जरीना खान से मारपीट का मामला सामने आया है. इस मामले में जरीना ने मुखिया डांगा निवासी निताई गौड़, निताई गौड़ की पत्नी और मां के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. जरीना कांग्रेस नेता इम्तियाज उर्फ गब्बर की पत्नी है. तीन साल पहले इम्तियाज की हत्या कर दी गई थी. जरीना ने पुलिस को बताया कि उनके पति ने मारने से पहले निताई को पैसे दिए थे. उसी पैसे को लेने के लिए वह निताई के पास गई थी पर निताई ने पैसे देने से मना कर दिया. इसी बीच निताई ने अपनी पत्नी और मां के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर भागा दिया. घटना के बाद वह थाना पहुंची और मामले की शिकायत की. घटना सोमवार शाम की है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





