
जमशेदपुरः जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत शारदा सिटी निवासी जितेंद्र यादव और उनके भाई देवानंद यादव पर पड़ोस के रहने वाले डब्लू सिंह और उसके बेटे ने भुजाली से जानलेवा हमला कर दिया. इधर घायल अवस्था में दोनो किसी तरह मानगो थाना पहुंचे जहां से दोनो को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनो की स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया गया. घटना के संबंध में जितेंद्र यादव ने बताया कि वे लोग शारदा सिटी में रहते है. उनका ट्रांसपोर्टेशन का कारोबार है. शारदा सिटी में ही डब्लू सिंह रहते है. उन्होंने पहले आवाज लगाकर उन्हें नीचे बुलाया. वह नशे में था. उसके साथ उसका बेटा भी था.डब्लू ने अपने पास हथियार रखा हुआ था जबकि इसके बेटे ने भुजाली रखी हुई थी. बकझक के बीच डब्लू सिंह के बेटे ने उन्हें पीछे से सिर पर वार कर दिया. उन्होंने बताया कि डब्लू सिंह अक्सर उनसे नशा करने के लिए पैसों की मांग करता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.



