जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार रात कोलकाता से ट्रेनिंग पूरी कर लौट रहे तीन युवकों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना में तीनों युवक घायल हो गए. आरोप है कि पार्किंग में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद पार्किंग कर्मचारी और एक ऑटो चालक ने युवकों के साथ मारपीट की. घायलों की पहचान कीताडीह निवासी फुरकान अली (18), गोलमुरी निवासी मो. जलरियान शहजादा (20) और परसुडीह के प्रमोद नगर निवासी हेमंत सिंह (20) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पार्किंग में किसी बात को लेकर युवकों और ऑटो चालक व पार्किंग स्टाफ के बीच विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान तीनों युवक घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. प्राथमिक उपचार के बाद युवकों ने बर्मामाइंस थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ विवाद के वास्तविक कारणों का भी पता लगा रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.







