हजारीबाग : झारखंड के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्ध घायल हो गए, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया. घायल आरोपियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है. दोनों के पैर में गोली लगी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से कुछ लोग बाइक से गिद्दी क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचने वाले हैं. सूचना के बाद गिद्दी पुलिस, उरीमारी थाना प्रभारी और सशस्त्र बल की टीम ने इलाके में अभियान शुरू किया. करीब 3:50 बजे पुराना कांटा घर रोड के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध पुलिस के सामने आए. पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
कुछ दूरी पर बाइक गिरने के बाद तीनों जंगल की ओर भागे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान जंगल की तरफ से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. फायरिंग में बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर घायल हो गए. वहीं, तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, गोलियां, खोखे, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने के लिए गिद्दी पहुंचे थे और उनका किसी आपराधिक गिरोह से क्या संबंध है.




