
जमशेदपुर : जमशेदपुर के नेशनल हाइवे पर स्थित एमजीएम थानांतर्गत चड़री पहाड़ से पुलिस ने आठ साल के एक बच्चे का पत्थरों से कुचला हुआ शव बरामद किया है. उक्त बच्चा मुसलिम है, उसकी पहचान हुई है. उसके बारे में पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है, लेकिन आसपास के लोगों ने कोई जानकारी देने से इनकार किया और किसी ने कोई पहचान नहीं की. पुलिस स्थानीय लोगों के अलावा मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चे की पहचान करने की कोशिश कर रही है ताकि बच्चे के परिजनों से बातचीत की जा सके और हत्यारों तक पहुंचा जा सके. पुलिस को यह सूचना मिली कि एक बच्चे की लाश पहाड़ पर पड़ी हुई है. शौच के लिए गये लोगों ने यह जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लिया. उसके शरीर पर गहने चोट के निशान और एक धारदार हथियार से पिटाई का भी निशान पाया गया है. वैसे उक्त युवक की पहचान करने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिल पायी. इस घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी है. दूसरी ओर, पुलिस को अंदेशा है कि वह बच्चा उस एरिया का नहीं है. अगर होता तो लोग पहचान लेते, लेकिन कहीं और से उसको मारकर वहां लाया गया और उसको वहां फेंक दिया गया है. बच्चे का सिर कुचल दिया गया है. कुचलने के कारण खून बहा है, लेकिन यह निशान नहीं पाया गया, जिससे यह साबित हो कि वहीं पर मारा गया है. पुलिस कोशिश कर रही है कि बच्चे की पहचान हो जाये तो आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा सके. इस संबंध में एक अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दायर कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. लॉकडाउन के बीच शव पहाड़ पर कैसे लाया गया, किस तरह यह हत्या हुई है या कहीं गांव के आसपास के लोगों ने ही चोर समझकर तो किसी को पीटकर नहीं मार दिया है, यह भी जांच की जा रही है. वैसे गुप्तचरों को भी लगाया गया है ताकि सही बातों की जानकारी मिल सके.














