
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भुइयांडीह स्लैग रोड डीएवी पटेल नगर के पास 29 अप्रैल को अखिलेश सिंह गैंग के अपराधी कंहैया सिंह समेत सात लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने सुधीर दुबे गैंग के पांच और लोगों को रविवार को जेल भेज दिया. जेल भेजे गये लोगों में कदमा भाटिया बस्ती निवासी अपराधी राजीव राम, गोलमुरी मुसलिम बस्ती ख्वाजा कॉलोनी निवासी फिरोज आलम उर्फ अड्डन, गोलमुरी टुइलाडुंगरी पानी टंकी रोड निवासी तैयब खान, गोलमुरी मुसलिम बस्ती तेजा कॉलोनी निवासी शाही आदिल और मनगो के कुमरुम बस्ती निवासी बिपिन शर्मा शामिल है.
इन सारे पांच लोगों को देर रात को पुलिस ने जेल भेजा. इन लोगों के पास से दो स्कार्पियो, जिसमें एक का नंबर नहीं है जबकि दूसरा स्कार्पियों का नंबर जेएच05सीसी-0120 है, को भी जब्त किया है. इन सारे अपराधियों के पास से पुलिस ने 12 बोर की एक बंदूक, एक ऑटोमेटिक पिस्तौल, 12 बोर का 28 जिंदा कारतूस, ऑटोमैटिक पिस्तौल की नौ गोलियां, दो मोबाइल भी जब्त किया गया है.
इन लोगों ने स्वीकार किया है कि वे लोग गोली चलाने के बाद से फरार होने के दौरान इन सारे लोगों की भी मदद भी ली थी. इन लोगों ने यह भी जानकारी दी है कि वे लोग अखिलेश सिंह गैंग के ऊपर भारी पड़ना चाहते है ताकि रंगदारी की वसूली में उनका भी वर्चस्व हो सके. वे लोग बहरागोड़ा और धालभूमगढ़ होते हुए बंगाल और ओड़िशा की ओर भागना चाह रहे थे, जिनको रास्ते में ही पुलिस ने धर दबोचा.

इसमें गोली चलाने वाले राजीव राम शामिल है जबकि इन लोगों को बचाने और पुलिस से उनको भगाने में कई लोग शामिल थे, जिनको पुलिस ने जेल भेजा है. अपराधियों की मदद करने के मामले में भी जेल भेजा गया है. अब पुलिस को सुधीर दुबे की तलाश है. वैसे इस मामले में घायल कंहैया सिंह और सारे सात लोग भी जेल जायेंगे, जिनके खिलाफ पहले से ही एफआइआर दायर है. इन सारे लोगों का टीएमएच में इलाज चल रहा है.

पुलिस की ओर से इन दोनों गैंग को पकड़ने के लिए पूरा नेटवर्क लगाया गया है. यह पूरा ऑपरेशन जमशेदपुर के सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट के नेतृत्व में चलाया गया. टीम में डीएसपी पवन कुमार, डीएसपी अरविंद कुमार, डीएसपी अनुदीप सिंह, डीएसपी आलोक रंजन, सीतारामडेरा थाना प्रभारी अंजनी कुमार, सिदगोड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार ठाकुर, मानगो थाना प्रभारी मिथलेश कुमार, गोलमुरी थाना प्रभारी रणविजय शर्मा, एमजीएम थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, बागबेड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, परसुडीह थाना प्रभारी अजय कुमार, बहरागोड़ा थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार, धालभूमगढ़ थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी समेत अन्य लोग शामिल थे.






