
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत सीटू तलाब के पास टेल्को लक्ष्मीनगर निवासी मनीष श्रीवास्तव से मोबाइल की छिनतई करने के दौरान पकड़ाए तीन झपट्टामारों को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया. जेल भेजे गए बदमाशों में मोहरदा निवासी हर्ष ओम, जोन नंबर 3 निवासी निखिल कुमार और शिवा जेना शामिल है. इनमें से हर्ष साल 2018 में सिदगोड़ा थाना से छिनतई के मामले में जेल जा चुका है. वहीं निखिल भी गोविंदपुर थाने से छिनतई की मामले मे जेल जा चुका है. जबकि शिवा जेना पहली बार जेल गया है. (नीचे भी पढ़ें)
ब्राउन शुगर खरीदने के लिए स्पोर्ट्स बाइक से देते थे घटना को अंजाम
बिरसानगर थाना प्रभारी राजेश झा ने बताया कि नशे के आदी हैं और ब्राउन शुगर खरीदने के लिए छिनतई करते थे. हर्ष ने साकची निवासी एक युवक से स्पोटर्स बाइक खरीदी थी. इसके पहले भी तीनों ने बीएड कॉलेज, लुपुंगडीह आदि जगहों में छिनतई की घटना को अंजाम दिया था. छिनतई करने के बाद तीनों मोबाइल को औने-पौने दाम में बेच देते थे औऱ जो भी मिलता था उससे आदित्यपुर जाकर ब्राउन शुगर खरीदते थे.





