जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार हो रहे लूट, क्राइम, छिनतई की घटना में दूसरे राज्यों के अपराधियों के शामिल होने की संभावना पुलिस ने जतायी है. पुलिस को आशंका है कि ऐसे ही अपराधियों ने इन घटनाओं को अंजाम दिया है, जिस कारण उनकी पकड़ में देर हो रही है. जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वणन ने कहा कि बिष्टुपुर की लूट हो या फिर साकची में की गयी ठगी या फिर अन्य घटनाओं की पुलिस काफी बारीकियों से जांच कर रही है. इसके सारे दोषियों को पकड़ने के लिए टेक्निकल टीम भी सक्रिय है. सारे अपराधियों को पुलिस पकड़ने की कोशिश कर रही है. इसको लेकर जनता को भी सतर्क किया जा रहा है और जनता का भी सहयोग लेकर ही अपराध को नियंत्रित किया जा रहा है. जल्द ही सारे कांडों का उदभेदन हो जायेगा. आपको बता दें कि बिष्टुपुर में कैनरा बैंक में छगनलाल दयालजी एंड सन्स के 32 लाख रुपये लूट लिये गये थे जबकि उसके ठीक बाद साकची में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के गहने की चोरी कर ली गयी थी. इसके अलावा कई जगहों पर राहजनी, ठगी और लूटपाट की गयी है. इन सारी घटनाओं को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन दूसरी ओर, लोगों में इस बात की भी नाराजगी है कि अपराधी पकड़े नहीं जा सके है. यहीं वजह है कि पुलिस लगातार इन कांडों का उदभेदन करने के लिए प्रयास कर रही है. जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि संभवतः यह गिरोह बिहार का है जो की घटनाओं को अंजाम दे रहा है. अब तक शहर और आस पास के इलाकों में मौजूद लगभग 22 शातिर अपराधियों को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर चुकी है पर इस मामले में अब तक सफलता नहीं मिली है. इसके अलावा पुलिस के पास जो सीसीटीवी फुटेज मौजूद है उसे सभी अपराधियों को दिखाकर भी पहचान करवाई गई पर किसी ने भी उनकी पहचान नही की है. फिलहाल पुलिस नए स्तर से सभी की पहचान में जुट गई है, जल्द ही सभी को पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा.







