जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थानांतर्गत न्यू रानी कुदर में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे युवक किट्टू सिंह को चापड़ समेत अन्य हथियार से मारपीट कर जख्मी कर दिये जाने के बावजूद अब तक अपराधी पकड़े नहीं जा सके है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज सीसीयू में चल रहा है. घटना के संबंध में उसकी मां निवासी वंदना देवी का बयान दर्ज किया गया है. बयान के अनुसार किट्टू सिंह पिछले 5 सितंबर की रात अपने दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन करने के लिए न्यू रानीकूदर से बोधनवाला घाट जा रहा था. उसी दौरान राजकुमार सिंह, राजू सिंह, लालू सिंह, अखिलेश सिंह, रोहित सिंह, समीर राज, सिटू वर्मा व अन्य ने किट्टू सिंह पर हमला कर दिया.
वंदना देवी ने बताया है कि सभी चाइनीज चापड़, सब्बल, बैट, हॉकी स्टील आदि से लैस थे. उन्होंने घेर पर किट्टू को मारा-पीटा. इसमें किट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया. उन्होंने बताया है कि किट्टू अस्पताल में जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहा है. इस घटना के दौरान आरोपियों ने किट्टू के दोस्त की मोबाइल भी छीन ली. उन्होंने बताया है कि घटना से एक दिन पूर्व अखिलेश सिंह ने उनके घर पर आकर किट्टू को देख लेने की धमकी दी थी और दूसरे ही दिन मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. इस बीच इस कांड का आरोपी अमन मिश्रा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह चापड़ से मारने का वाहवाही ले रहा है. उसने कहा है कि जमशेदपुर में कोई माई का लाल नहीं हुआ है, जो उसका कोई बिगाड़ सके. उसके इस वीडियों के बाद लोगों में नाराजगी है कि इस तरह अपराधी खुलेआम अपराध कर अपराधी इस तरह का वीडियो जारी कर रहे है. इस वीडियो को कदमा पुलिस को भी साझा कर दिया गया है.







