
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे घाटशिला मेन रोड निवासी मनीष अग्रवाल ने साइबर ठगों ने खुद को आर्मी का जवान बताकर 82,520 रुपयों की ठगी कर ली. मनीष ने बिष्टुपुर साइबर थाने में मामले की लिखित शिकायत की है. मनीष ने शिकायत में बताया है कि घाटशिला फूलडुंगरी में उनकी टाइल्स की दुकान है. 9 फरवरी को उनके मोबाइल पर 8228889222 नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को आर्मी का जवान बताया और बताया कि वह सुरदा में एक घर बना रहा है और उसे घर में लगाने के लिए टाइल्स की खरीददारी करनी है. उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से टाइल्स पसंद की जिसकी कीमत 41,260 रुपये हुई. ठग ने उनसे कहा कि वह ऑटो से माल की डिलीवरी करवा दें जिसके बाद वह कैश में पमेंट कर देगा. थोड़ी देर बाद ठग ने वापस से फोन कर कहा कि वह ऑनलाइन ही पेमेंट कर देगा पर आर्मी के नियम के अनुसार पहले जितनी रकम है वह रकम भेजनी होगी बाद में वह रुपये वापस कर देगा. उसकी बातों में आकर मनीष ने पहले उसके दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर एक रुपया भेजा जिसके बाद उसके खाते में दो रुपये आए. फिर ठग ने दोबारा से एक क्यूआर कोड भेजा जिसको स्कैन करने के बाद उसके खाते से 41,260 रुपये कट गए. ठग ने कहा कि यह पेमेंट फेल हो गया है और दोबारा से पेमेंट करने को कहा. दोबारा भी पेमेंट करने के बाद उसके खाते से रुपये कट गए. अब ठग ने उनके नंबर को ब्लैकलिस्ट में डाल दिया है. ठग ने उनसे कुल 82,520 रुपये की ठगी कर ली.






