
जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक बार फिर से सीआइएसएफ का जवान बनकर साइबर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है. इस बार साइबर ठगों ने रेलकर्मी को निशाना बनाया है. साइबर ठगों ने कुल 2,10,699 रुपयों की ठगी की है. इस ठगी का शिकार हुए प्रमोद कुमार ने साइबर थाना में लिखित शिकायत की है. प्रमोद टाटानगर रेलवे में हेल्पर का काम करते है, वह बागबेड़ा रेलवे कॉलोनी के रहने वाले है. उनके घर वालों के सात खातों से 16 बार में कुल 2.10 लाख की ठगी की गई है. प्रमोद ने बताया कि 27 जनवरी को उन्होने ओएलएक्स पर एक विज्ञापन देखा था. विज्ञापन देने वाले से संपर्क करने वाले ने बताया कि वह सीआईएसएफ में काम करता है और फिलहाल रिटायर है. वह जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर पदस्थापित था. अब वह घर का सारा सामान बेचना चाहता है जिसमें फर्नीचर से लेकर सारे सामान मौजूद है. उसने अपना नाम अवधेष कुमार बताया और व्हाट्सएप पर अपना आईडी कार्ड भेजा. सामान के बारे में उसने कहा कि वह सारा सामान एयरपोर्ट पर ही छोड़ आया है. पेमेंट करने पर वह एयरपोर्ट से ही सामान भेजवा देगा. इसके लिए उसने पहले 2200 रुपये मांगे. 2200 रुपये पेटीएम करने पर उसन कहा की जीएसटी के रुप में भी 11500 रुपये देने होंगे. ऐसा करते करते उसने 16 बार में कुल ट्रांस्फर करवा लिए. जब उन्हे शक हुआ तो उन्होने इसकी शिकायत की है.




