
जमशेदपुर : जमशेदपुर की साइबर पुलिस ने साइबर क्राइम को रोकने के लिए एक और सफलता हासिल की है. साइबर पुलिस ने देवघर से एक और साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. इसके लिए साइबर पुलिस की एक टीम सोमवार रात को ही देवघर के लिए रवाना हो गई थी. मंगलवार देर रात पुलिस अपराधी को लेकर शहर वापस आ गई. मिली जानकारी के अनुसार 9 फरवरी को सोनारी के परदेशी पाड़ा निवासी जश्मीत कौर ने साइबर ठगी की लिखित शिकायत की थी. जश्मीत के अनुसार उसका खाता आईसीआईसीआई बैंक में है. 9 फरवरी को उसने नंबर पर किसी ने फोन कर कहा की फोन पे को अपग्रेड करना पड़ेगा. इसके लिए उसने जश्मीत के फोन पर एक लिंक भेजा. लिंक भेजते ही उसके खाते से 4999 कर 6 बार में कुल 29994 रुपये कट गए थे. पुलिस ने जब जांच की तो पाया कि जश्मीत के खाते से देवघर के एक बैंक खाते में रुपये ट्रांस्फर किए गए है. इसके बाद पुलिस ने अपराधी को पकड़ने के लिए देवघर पुलिस की सहायता ली. बाद में साइबर पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए देवघर रवाना हो गई.







