
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने अपनी तकनीकी दक्षता को बढ़ाने के लिए अब प्राइवेट सीसीटीवी की मैपिंग करने की शुरुआत करने जा रही है. बुधवार को बिष्टुपुर थाना परिसर स्थित सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की. इस प्रोजेक्ट का नाम ”त्रयंबकम प्रोजेक्ट” रखा गया है. बैठक में जमशेदपुर पुलिस के सभी आला अधिकारियों के साथ सभी थानों के थानेदार और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे. इस दौरान एसएसपी अनूप बिरथरे ने सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में लगे प्राइवेट सीसीटीवी कैमरों की मैपिंग करने का निर्देश दिया, जिससे आने वाले समय में अपराधियों को पकड़ने में आसानी हो.

एसएसपी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए कैमरे के अलावा पुलिस को अपराधियों को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आस-पास सीसीटीवी कैमरों को खोजना पड़ता है. कैमरों की मैपिंग होने पर पुलिस को यह जानकारी रहेगी की घटनास्थल के सबसे नजदीक कौन सा कैमरा लगा हुआ है. बैठक में एसएसपी अनूप बिरथरे ने सभी सीनियर अधिकारियों को ट्रेनिंग लेने और अपने से जूनियर पुलिसकर्मियों को भी इस बारे में जानकारी देने के निर्देश दिया. फिलहाल पुलिस जिला प्रसासन द्वारा जमशेदपुर में लगाए गए 170 कैमरों की मदद से अपराधियों को पहचानने का काम करती थी. त्रयंबकम प्रोजेक्ट से कैमरों की संख्या में इजाफा होने अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सकेगा.







