
जमशेदपुर : जमशेदपुर की साइबर पुलिस ने देवघर से एक साइबर अपराधी को पकड़ा है. साइबर पुलिस बुधवार तड़के उसे ट्रेन से शहर लेकर पहुंची. पुलिस ने उसके पास से चार एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. अपराधी का नाम भास्कर कुमार और वह देवघर का रहने वाला है. भास्कर के खाते में कई लेनेदेन की बात सामने आई है. इस मामले में साइबर थाना में सोनोरी परदेसी पाड़ा निवासी जसमीत कौर के बयान पर लिखित शिकायत दर्ज की गई थी. जसमीत के मुताबिक उसके आईसीआईसीआई बैंक के सैलरी खाते से 29,994 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई थी. जसमीत ने पुलिस को बताया था कि नौ फरवरी को उसके मोबाइल पर फोन आया था कि उसके फोन पे एप को अपग्रेड करना पड़ेगा. इसके लिए उसे एक लिंक भेजा गया था. लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते में 4,999 कर छह बार में 29,994 रुपये कट गए थे. ये सारे रुपये देवघर के आंध्रा बैंक के खाते में ट्रांसफर किए गए थे, जिसका खाता धारक भास्कर कुमार था. पुलिस को अनुसंधान में पता चला की भास्कर देवघर में ही है. बाद में देवघर पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस भास्कर से उसके अन्य साथियों का पता लगा रही है.







