जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिले के नगर निकायों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर निकायों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं तथा आगामी त्योहारों को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार समेत विशेष पदाधिकारी तथा अपर नगर आयुक्त मानगो नगर निगम जितेन्द्र यादव व अन्य सभी नगर निकायों के सिटी मैनेजर, सीएमएम, अभियंता व अन्य संबंधित उपस्थित थे.(नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त ने नगर निकायवार साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित कचरा उठाव, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई, नालियों की नियमित सफाई तथा कचरे के व्यवस्थित परिवहन एवं निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कचरा डंपिंग जोन की स्थिति की भी समीक्षा की तथा कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने और निर्धारित स्थलों पर ही कचरे का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.विश्वकर्मा पूजा तथा आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर उपायुक्त ने सभी संबंधित नगर निकायों को विसर्जन घाटों की विशेष साफ-सफाई कराने, घाटों तक पहुंच पथ का आवश्यक मरम्मतकरण तथा घाटों पर प्रकाश, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.त्योहारों के दौरान भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं की सतत निगरानी रखने को कहा गया. .(नीचे भी पढ़े)
बैठक में प्रमुख बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, विद्युतीकरण की भी समीक्षा की गई. नगर निकायों में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की समीक्षा के क्रम में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदनों पर विशेष ध्यान दिया गया.उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखे जाएं तथा नियमानुसार जांच एवं प्रक्रिया पूर्ण करते हुए पात्र आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए. एसआइआर कार्यों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ अपने विभागीय दायित्वों को भी प्रभावी रूप से पूरा करेंगे. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए दोनों दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.




