जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कल्याण विभाग एवं समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति तथा लंबित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई.बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) एवं धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई. आंगनबाड़ी केंद्र, बहुद्देशीय भवन, संपर्क पथ, छात्रावास, आवास, पेयजल, विद्युतीकरण सहित अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई. साथ ही मत्स्य विभाग की लाभुक आधारित योजनाओं एवं पर्यटन स्थलों के विकास से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई.(नीचे भी पढे)
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जनजातीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का लाभ निर्धारित लक्षित समूह तक प्रभावी रूप से पहुंचना सुनिश्चित हो. विशेष रूप से विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के लिए संचालित योजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.बैठक में छात्र कल्याण से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई. प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, चिकित्सीय सहायता, बिरसा आवास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी, सामुदायिक सरना एवं मसना स्थलों के संरक्षण व विकास तथा वनाधिकार पट्टा वितरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.उपायुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि स्वीकृत योजनाओं का लाभ समय पर संबंधित लाभुकों एवं समुदायों तक पहुंचाया जा सके. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.




