जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह तालाब में शुक्रवार की दोपहर को एक युवक की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान दीपक नाग (22) के रूप में की गयी है, जो धतकीडीह के मुखी बस्ती का निवासी था. सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से दीपक को बाहर निकाला गया और तत्काल टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि, दीपक तालाब में कैसे डूबा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. परिजनों ने बताया कि दीपक मजदूरी करता था, किसी प्रकार का नशा नहीं करता था और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंचे धतकीडीह मुखी समाज के महासचिव संजय कंसारी ने प्रशासन और टाटा स्टील से मांग की है कि धतकीडीह तालाब में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए वहां स्थायी रूप से गार्ड तैनात किए जाएं और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जाली लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.














