जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान होने वाली समस्याओं और व्यवस्थाओं को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात की. बैठक में पूजा समितियों से जुड़ी चार प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई. समिति ने बड़ौदा घाट जाने वाले पुल को जल्द शुरू कराने की मांग की. बताया गया कि यह विसर्जन के लिए महत्वपूर्ण और प्रमुख मार्ग है. करनडीह दुर्गा पूजा मैदान में नाली के पानी के लगातार बहाव से पूजा समितियों के सामने आयोजन को लेकर परेशानी की स्थिति है. (नीचे भी पढे)
इसके स्थायी समाधान की मांग की गई. इसके अलावा साकची स्वर्णरेखा घाट पर करीब 120 प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए वाहनों के आवागमन और विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था कराने की मांग रखी गई. विभिन्न पूजा समितियों को शीघ्र स्लैग उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया. उपायुक्त ने सभी मुद्दों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी. समिति जल्द ही जोनल बैठक कर पूजा समितियों की समस्याएं संकलित करेगी और प्रशासन को अवगत कराएगी. प्रतिनिधिमंडल में महासचिव आशुतोष सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अशोक सिंह, गौतम प्रसाद, धर्मेंद्र प्रसाद और देवाशीष सिंह समेत अन्य मौजूद रहे.




