जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के ऑटो स्टैंड में शनिवार को विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के दौरान ऑटो चालकों के बीच जमकर हंगामा देखने को मिला. ऑटो चालकों ने आरोप लगाया कि एक ऑटो चालक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और अन्य ऑटो चालकों से कथित तौर पर रंगदारी की मांग करने लगा. आरोप है कि रंगदारी नहीं देने पर उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की गई. ऑटो चालकों के अनुसार उन्हें यह भी धमकी दी गई कि यदि वे रंगदारी नहीं देते हैं तो उनका डिमना रूट पर आना-जाना बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद मौके पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही साकची पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने ऑटो चालकों द्वारा जिस युवक पर आरोप लगाए गए हैं उसे पूछताछ के लिए पीसीआर वैन में बैठाकर अपने साथ थाने ले गई. हालांकि, ऑटो चालकों द्वारा लगाए गए रंगदारी और मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.




