Jamshedpur : बर्मामाइंस निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ बम भोला सिंह ने सोमवार की शाम अपने आवास पर पत्रकार वार्ता कर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा की. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि 16 नवंबर को वे निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पूर्वी विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे. उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कई समस्याएं हैं, जिनका आज तक निदान नहीं हो सका है. अतिक्रमण के नाम पर बस्तियों को तोड़ा जा रहा है. मजदूरों को उनका हक नहीं मिल रहा है. प्राइवेट स्कूल संचालक अभिभावकों का मुद्रा दोहन कर रहे हैं. वे जनता के बीच इन्हीं सब मुद्दों को लेकर जाएंगे उन्होंने कहा कि दुकानों में काम करने वाले लोगों ऑटो चालकों को ईएसआई सहित तमाम सुविधा दिलाने, शहर के सभी दुर्गा पूजा स्थानों पर स्थायी पूजा पंडाल का निर्माण कर यहां से मजदूरों के नाम पर राशि बांग्लादेश जाने से रोकने की पहल करेंगे. चुनाव जीतने पर अपना आधा वेतन कुष्ठ आश्रम विद्यालय सामाजिक कार्यों में देंगे. एक से ज्यादा बॉडीगार्ड या एक से ज्यादा गाड़ी का लाभ नहीं लेंगे. विधवा, वृद्धा सहित अन्य पेंशन के लिए लोगों को भटकना नहीं होगा. इस मौके पर धीरज सिंह, संजय, राकेश, अनिल पाठक, अरविंद, राजेश, सोनू, रमण कुमार, प्रेम सिंह, पिंटू, उदय प्रताप सिंह, दिलावर सहित काफी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे.



