जमशेदपुर : झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय ( इनफोर्समेंट डायरेक्टरेट यानी ईडी) की टीम ने एक बार फिर से ताबड़तोड़ छापामारी की है. प्रवर्तन निदेशालय ने सरायकेला खरसावां जिले के पूर्व डीसी छवि रंजन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. बुधवार को जमशेदपुर के जुगसलाई गौशाला के समीप स्थित जैन मंदिर के पास रहने वाले कारोबारी श्याम सिंह के ठिकानों पर छापामारी की गई है. प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने जुगसलाई में सुबह सवेरे ही छापामारी की और पूरे घर को अपने कब्जे में लिया और अंदर छापामारी की जा रही है. किसी को बाहर आने नहीं दिया जा रहा है और ना ही बाहर से किसी को अंदर जाने की इजाजत है. (नीचे भी पढ़ें)

इसी तरह जमशेदपुर के बिष्टपुर कांट्रेक्टर एरिया बरगुनिया टावर निवासी रवि सिंह भाटिया के यहां भी छापामारी की जा रही है. इन दोनों कारोबारियों के साथ सरायकेला खरसावां के पूर्व डीसी और आईएएस अधिकारी छवि रंजन के संबंध है और जमीन से जुड़े कई दस्तावेज उनके बरामद किए गए हैं. बताया जाता है उनसे जुड़े दस्तावेजों की ही जांच की जा रही है. प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापामारी के दौरान पुलिस की भी मदद ली. अभी दोनों कारोबारियों के यहां छापामारी चल रही है और उनसे पूछताछ भी की जा रही है. अब तक कोई अधिकारी जानकारी नहीं दी गई है कि वहां क्या कुछ मिला है.



