
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई गद्दी मोहल्ला में बिजली चोरी को लेकर सर्वे करने गए बिजली विभाग के कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनसे मारपीट की गई. स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों को घेर लिया और उनसे बिजली का मीटर भी छीन लिया. किसी तरह एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी वहां से जान बचाकर निकले और पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह सभी कर्मचारियों को वहां से बाहर निकाला. जानकारी देते हुए विभाग के एसडीओ इमरान मुर्तजा ने बताया कि रांची मुख्यालय द्वारा आदेश के बाद टीम सर्वे कर रही थी. इस दौरान महिला कर्मचारी फरीदा, हेड इलेक्ट्रिकेशन सुलतान, टाना भगत के अलावा अन्य कर्मचारियों ने देखा की कंज्यूमर नंबर जी-4178 द्वारा बिजली के पोल में हुकिंग कर बिजली की चोरी की जा रही है. जब उन्होंने कंज्यूमर सलाम गद्दी से इस बारे में बात करनी चाही तो उनके घरवालों ने कर्मचारियों को घेर लिया. उनमें से एक ने कर्मचारी के साथ मारपीट भी की ओर कहने लगे कि सभी को जान से मार देंगे, किसी को वापस नहीं जाने देंगे. थोड़ी देर बाद ही लगभग 40 से 50 की संख्या में लोग पहुंचे और कर्मचारियों को घेरकर बंधक बना लिया. महिला कर्मचारी फरीदा और टाना भगत किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे और पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को बाहर निकाला. उन्होंने बिजली मीटर भी छीन लिया. सभी को एक घंटे के लिए बंधक बनाया गया था. एसडीओ ने कहा की वे एसएसपी से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे. उन्होंने कहा कि इलाके में हुकिंग कर बिजली की चोरी की जाती है और पुलिस की मदद से सघन अभियान चलाया जाएगा.




